ब्रेकिंग न्यूज़
जे सी आई लुधियाना सेंट्रल के कार्यालय का उद्घाटनभव्य समारोह के दौरान वेबसाइट भी लॉन्च की गई

लुधियाना, 23 मार्च: सरगर्म युवा नागरिकों की वैश्विक संस्था जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जे सी आई) लुधियाना सेंट्रल के कार्यालय का उद्घाटन एक भव्य समारोह के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेसी आर कोसिक द्वारा किया गया, जो इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी थे। इस अवसर पर जोनल अध्यक्ष सोमन गोयल, जोनल उपाध्यक्ष विनोद यादव तथा जोनल डायरेक्टर अभिषेक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जे सी आई लुधियाना सेंट्रल के अध्यक्ष एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह ने की।

इस मौके पर संबोधित करते हुए, एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह ने कहा कि जे सी आई समाज सेवा, व्यक्तिगत विकास और बिजनेस डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में कार्य करते हुए बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं और व्यवसायियों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संस्था के भारत में 50 हजार से अधिक सदस्य हैं और केवल लुधियाना में ही 1 हजार से अधिक सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

इस समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा न केवल जोन-1 के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया गया, बल्कि जे सी आई लुधियाना सेंट्रल की पहली वेबसाइट भी लॉन्च की गई। यह वेबसाइट एन जी ओ की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों को देश-विदेश तक बेहतर ढंग से पहुंचाने में सहायक होगी। समागम में अन्य के अलावा, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह मुंडी, डायरेक्टर रिपन गोयल, सचिव विनायक कश्यप, संयुक्त सचिव रसलीन कौर, कोषाध्यक्ष भूपिंदर सिंह, संयुक्त कोषाध्यक्ष अवतार सिंह, वीपी मैनेजमेंट कुलजीत सिंह, डायरेक्टर जतिंदर पाल सिंह मक्कड़, गुरप्रीत सिंह रियात, तेजस्वी धीमान, परमजीत सिंह, तरुण गोयल, ईशविंदर सिंह, संजीव पारस, मनमोहन सिंह, ऋतिक पलाहा, संजय शर्मा, सुखपाल सिंह पासी, जसप्रीत सिंह, जसलीन सिंह सहित जेसीआई जोन-1 के कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

कमजोर वैश्विक संकेतों से चांदी के वायदा भाव में नौ प्रतिशत की भारी गिरावट

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) वायदा कारोबार में चांदी की कीमत सोमवार को 20,409 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2.06 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। कमजोर वैश्विक रुझानों और लगातार बिकवाली के कारण कीमतों में यह गिरावट आई।

मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज (एमसीएक्स) में चांदी के मई महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 20,409 रुपये यानी नौ प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,06,363 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

विश्लेषकों का कहना है कि व्यापक आर्थिक कारकों के भारी दबाव से चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के जिंस अनुसंधान के प्रमुख हरीश वी. ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद, आर्थिक दबावों से सोमवार को चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी के मई में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 9.34 प्रतिशत टूटकर 63.15 डॉलर प्रति औंस रह गयी।

महाराष्ट्र: उपसभापति ने सातारा पुलिस अधीक्षक के निलंबन के लिए राज्य सरकार को निर्देश दिए

मुंबई, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने सोमवार को सरकार को निर्देश दिया कि सातारा के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी को जिला परिषद के अध्यक्ष पद के लिए पिछले सप्ताह हुए चुनाव के दौरान हंगामे और हाथापाई के सिलसिले में निलंबित किया जाए।

शिवसेना के मंत्री शंभूराज देसाई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मकरंद पाटिल और दोनों दलों के अन्य सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक के निलंबन की मांग की है।

देसाई और पाटिल ने आरोप लगाया कि जिला परिषद के अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव के दौरान स्थानीय पुलिस ने उनसे हाथापाई की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रिया शिंदे शिवसेना-राकांपा गठबंधन के उम्मीदवार को शिकस्त देकर जिला परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। भाजपा ने मामूली अंतर से शिवसेना-राकांपा गठबंधन से अधिक मत हासिल कर शीर्ष पद पर जीत दर्ज की।

सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले लंबित कार्यों को निपटाने के लिए बुलाई गई विशेष बैठक में शिवसेना सदस्य हेमंत पाटिल ने यह मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि देसाई, मकरंद पाटिल और राकांपा के विधान परिषद सदस्य शशिकांत शिंदे के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया।

इस पर उपसभापति नीलम गोरहे ने कहा, “मैं सरकार को निर्देश देती हूं कि सातारा के पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया जाए, जिन्होंने मतदाताओं और मंत्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया।”

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस मामले में जांच शुरू करनी चाहिए थी, लेकिन किसी कारणवश ऐसा नहीं हुआ।

इस मुद्दे पर शिवसेना, राकांपा और भाजपा सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

महाराष्ट्र में ‘महायुति’ सरकार के तहत भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा सत्ता में साझेदार हैं।

सोने का वायदा भाव 8,089 रुपये टूटकर 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) वायदा कारोबार में सोने की कीमतें सोमवार को 8,089 रुपये टूटकर 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। वैश्विक स्तर पर बिकवाली, बढ़ती मुद्रास्फीति की आशंकाओं और मजबूत अमेरिकी डॉलर के बीच वायदा कारोबार में सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 8,089 रुपये या 5.6 प्रतिशत घटकर 1,36,403 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

सोना पिछले सप्ताह 13,974 रुपये यानी 8.82 प्रतिशत टूटकर करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

विश्लेषकों का कहना है कि कीमती धातु की शुरुआत तेज गिरावट के साथ हुई और लगातार चौथे सप्ताह भी इसमें गिरावट जारी रहने के आसार हैं।

चॉइस ब्रोकिंग के जिंस एवं मुद्रा विश्लेषक आमिर मकदा ने कहा कि सोमवार को सोने की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण मुद्रास्फीति की आशंकाओं और निकट भविष्य में ब्याज दरों में वृद्धि की अटकलों के बीच लगातार चौथे सप्ताह भी इसमें गिरावट जारी रहने के आसार हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, कॉमेक्स पर अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंधों के लिए सोने का वायदा भाव 202.4 डॉलर या 4.42 प्रतिशत घटकर 4,372.5 डॉलर प्रति औंस रह गया।

मणिपुर में भीड़ ने कुकी जो परिषद के अध्यक्ष के आवास में घुसने की कोशिश की

इंफाल/चुराचांदपुर, 23 मार्च (भाषा) मणिपुर के चूड़ाचांदपुर में रविवार रात भीड़ ने कुकी जो परिषद (केजेडसी) के अध्यक्ष एच थांगलेट के आवास में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाई गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय में अध्यक्ष के घर में उग्रवादियों की कथित मौजूदगी को लेकर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने अपराह्न में थांगलेट के आवास पर पथराव किया और भीतर घुसने का प्रयास भी किया लेकिन सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़ उन्हें तितर बितर कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात को युवाओं ने फिर से आवास में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद सशस्त्र लोगों ने उन्हें रोकने के लिए हवा में गोलियां चलाईं।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने चुड़ाचांदपुर कस्बे के पास तुइबोंग इलाके में टायर भी जलाए, लेकिन सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और उन्हें हटने के लिए मजबूर कर दिया।

इनोविजन लिमिटेड का शेयर 10 प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ सूचीबद्ध

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) मानव संसाधन एवं टोल प्लाजा प्रबंधन सेवाएं देने वाली कंपनी इनोविजन लिमिटेड का शेयर अपने निर्गम मूल्य 519 रुपये के मुकाबले 10 प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।

बीएसई पर शेयर ने 466 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो निर्गम मूल्य से 10.21 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। दूसरी ओर, एनएसई पर यह 9.88 प्रतिशत टूटकर 467.70 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 914.67 करोड़ रुपये रहा।

इनोविजन लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत मंगलवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 3.32 गुना अभिदान मिला था।

इनोविजन लिमिटेड ने निवेशकों से मिली ठंडी प्रतिक्रिया के बाद अपने आईपीओ की अंतिम तिथि बढ़ाकर 17 मार्च कर दी थी और साथ ही मूल्य दायरा भी घटा दिया था। आईपीओ पहले 12 मार्च को बंद होने वाला था। कंपनी ने मूल्य दायरे को 521-548 रुपये प्रति शेयर से घटाकर 494-519 रुपये प्रति शेयर कर दिया था।

हरियाणा स्थित इस कंपनी के आईपीओ में 255 करोड़ रुपये के नए शेयर और 12.38 लाख शेयर का ब्रिक्री पेशकश (ओएफएस) का प्रस्ताव शामिल था।

कंपनी की योजना नए निर्गम हासिल धनराशि का उपयोग ऋण के भुगतान, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं का पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है।

न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का एक विमान पोर्ट अथॉरिटी के वाहन से टकराया

न्यूयॉर्क, 23 मार्च (एपी) न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का एक विमान लैंडिंग के बाद पोर्ट अथॉरिटी के वाहन से टकरा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने इस घटना की पुष्टि की लेकिन कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।

न्यूयॉर्क शहर के दमकल विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि रात 11:38 बजे रनवे पर एक विमान और वाहन की टक्कर के बारे में सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी वहां पहुंचे।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कई वीडियो में विमान के सामने का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।

खन्ना में गुटका साहिब की बेअदबी: सीसीटीवी में कैद हुए 3 बच्चे, पुलिस ने पूछताछ के लिए लिया हिरासत में

पंजाब डेस्क: पंजाब के खन्ना स्थित सिंह एवेन्यू में गुटका साहिब की बेअदबी का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा: सीसीटीवी फुटेज में तीन बच्चों को बेअदबी करते हुए देखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और गहरा रोष व्यक्त किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और वीडियो में दिख रहे तीनों बच्चों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

SGPC और पुलिस की कार्रवाई: घटना के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने गुटका साहिब के अंगों को अत्यंत सम्मानपूर्वक संभाल लिया है। मौके पर मौजूद डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

साजिश की आशंका: स्थानीय नेताओं ने इस घटना को क्षेत्र का माहौल खराब करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सुरक्षा और एहतियात के तौर पर इलाके में बिना वेरिफिकेशन (सत्यापन) के रह रहे लोगों की जांच करने के भी कड़े निर्देश जारी किए हैं।

पाकिस्तान में महंगाई का महा-विस्फोट: ईंधन की कीमतों में 200% की भारी बढ़ोतरी, पेट्रोल पहुँचा ₹321 के पार

इंटरनेशनल डेस्क: मिडिल ईस्ट संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में पैदा हुए गतिरोध का सीधा असर अब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिखने लगा है।

पाकिस्तान सरकार ने ईंधन की कीमतों में 200 प्रतिशत तक की ऐतिहासिक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लग्जरी गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले उच्च-ऑक्टेन ईंधन (High-Octane Fuel) की कीमत में प्रति लीटर 200 पाकिस्तानी रुपये (PKR) की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इस फैसले के बाद यह ईंधन 100 रुपये से बढ़कर सीधे 300 रुपये प्रति लीटर पर पहुँच गया है।

पेट्रोल और डीजल के दाम भी रिकॉर्ड स्तर पर: इससे पहले 6 मार्च को वैश्विक तेल कीमतों में तेजी के कारण पेट्रोल और डीजल के दामों में 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इस ताजा वृद्धि के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत 321.17 रुपये प्रति लीटर और डीजल की दर 335.86 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुँच गई है।

हवाई सफर हुआ बेहद महंगा: ईंधन के दामों में लगी इस आग का सीधा असर हवाई यात्रा के खर्च पर पड़ा है। पाकिस्तानी एयरलाइंस ने जेट फ्यूल महंगा होने के बाद घरेलू उड़ानों के टिकटों में 2,800 से 5,000 PKR तक का इजाफा कर दिया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में 10,000 से 28,000 PKR तक की जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है। विशेष रूप से मध्य-पूर्व और मध्य एशियाई देशों के लिए जाने वाली उड़ानों के किराए में 15,000 PKR की तेजी आई है।

आम जनता पर बोझ: पहले से ही कंगाली और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे पाकिस्तान के लिए यह फैसला किसी बड़े झटके से कम नहीं है। हालांकि, सरकार का दावा है कि उच्च-ऑक्टेन ईंधन की कीमतों में वृद्धि से सार्वजनिक परिवहन के किराए पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

सोने-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट: चांदी ₹14,000 और सोना ₹7,000 तक सस्ता, निवेशकों में खलबली

बिजनेस डेस्क: आज यानी सोमवार, 23 मार्च 2026 को भारतीय सर्राफा बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वैश्विक बाजार में आ रहे बदलावों के कारण घरेलू बाजार में भी कीमती धातुओं के दाम धड़ाम से नीचे गिर गए हैं।

चांदी की स्थिति: वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में ₹13,606 (करीब 6%) की बड़ी गिरावट आई है, जिससे यह ₹2,13,166 प्रति किलोग्राम पर आ गई है। दिल्ली के स्पॉट मार्केट में चांदी ₹15,000 सस्ती होकर ₹2,30,000 प्रति किलोग्राम पर बिक रही है।

सोने की स्थिति: 10 ग्राम सोने के भाव में करीब ₹7,115 (5%) की कमी देखी गई है, जिससे MCX पर इसका रेट ₹1,37,377 हो गया है। दिल्ली में स्पॉट गोल्ड का भाव ₹5,950 कम होकर ₹1,40,170 प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया है।

43 सालों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में पिछले 43 वर्षों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते ही कीमतों में 10% से ज्यादा की कमी आई थी और अब यह लगातार नौवां सत्र है जब दाम गिर रहे हैं। ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 2.5% गिरकर 4,372.86 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है, जो जनवरी के बाद का सबसे निचला स्तर है।

क्यों गिर रहे हैं दाम? विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने वैश्विक स्तर पर महंगाई की चिंता बढ़ा दी है। इससे दुनिया भर में ब्याज दरों के बढ़ने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, जिसके कारण कमोडिटी बाजार को मिलने वाला सपोर्ट कम हो गया है और कीमतों में यह तेज गिरावट देखी जा रही है।