ब्रेकिंग न्यूज़
सरकारी स्कूल के 19 छात्र अधिक मात्रा में आयरन की गोलियों लेने के बाद अस्पताल में भर्ती
चंद्रपुर, 13 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के एक जिला परिषद स्कूल के 19 छात्रों ने बिना किसी की निगरानी में अत्यधिक मात्रा में एनीमिया रोधी गोलियों का सेवन कर लिया जिससे वे बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 अधिकारियों ने बताया कि भद्रावती तहसील के भामदेली गांव से घटना की सूचना मिलने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।
 अधिकारियों के अनुसार, छात्रों को हर सोमवार को आयरन की गोलियां दी जाती हैं। हालांकि, जिला परिषद (जिप) स्कूल के कुछ छात्रों ने कथित तौर पर मंगलवार को शिक्षकों की अनुपस्थिति में अधिक गोलियां खा लीं।
 जिला परिषद के जिला स्वास्थ्य अधिकारी अशोक कटारे ने बताया कि बुधवार रात को कुल 19 छात्रों ने चक्कर आने और अत्यधिक अस्वस्थ महसूस करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन ने एंबुलेंस बुलाई और उन्हें चंद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
 चिकित्सकों के अनुसार, 16 छात्रों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि तीन छात्र निगरानी में हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह ने मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
बठिंडा में रूह कंपा देने वाली वारदात: लाल सूटकेस में मिली मोगा की युवती की लाश, प्रेमी ने हत्या के बाद जलाने का किया था प्रयास

पंजाब डेस्क : पंजाब के बठिंडा में मलोट रोड पर एक लाल सूटकेस में मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान मोगा की रहने वाली मल्लिका के रूप में हुई है, जो बठिंडा में अपने प्रेमी के साथ लिव-इन में रहती थी। पुलिस ने इस मामले में उसके प्रेमी प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद और हत्या का विवरण: पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्रिंस और मल्लिका सुर्खपीर रोड पर एक किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। प्रिंस मोबाइल फोन रिपेयरिंग का काम करता है। आरोपी ने कबूल किया है कि 8 फरवरी को किसी मामूली बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने तेजधार हथियार से मल्लिका की हत्या कर दी।

सबूत मिटाने की खौफनाक कोशिश: हत्या के बाद आरोपी ने पहले शव को जलाने का प्रयास किया था। जब शव नहीं जला, तो उसने उसे एक लाल सूटकेस में बंद किया और मलोट रोड पर एक सुनसान जगह पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। पुलिस को जब युवती की पहचान मिली, तो उसकी कड़ियां आरोपी प्रिंस तक जा पहुँचीं और उसे वीरवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया।

नशे का सेवन: सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक और मृतका दोनों ही नशे का सेवन करते थे। पुलिस के बड़े अधिकारी जल्द ही इस पूरी घटना के बारे में और अधिक विस्तृत खुलासा कर सकते हैं।

मैं अब बदला हुआ इंसान हूं, चौबीसों घंटे मजाक नहीं करता: ईशान किशन

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने स्वीकार किया कि अपने व्यक्तित्व में बदलाव ने उन्हें एक बेहतर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

किशन ने पिछले महीने भारतीय टीम में वापसी के बाद से पीछे मुड़कर नहीं देखा है। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने संजू सैमसन को पीछे छोड़कर विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने गुरुवार रात नामीबिया के खिलाफ 24 गेंदों में 61 रन बनाए और पावरप्ले में भारत को एक विकेट पर 86 रन तक पहुंचाया। अभिषेक शर्मा की अनुपस्थिति में खेली गई इस तूफानी पारी के चलते भारत ने टी20 विश्व कप के इतिहास में पावरप्ले में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया।

भारत की जीत के बाद किशन ने पत्रकारों को बताया कि एक व्यक्ति और क्रिकेटर के रूप में उनमें क्या बदलाव आया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब वह पहले की तरह मजाक नहीं करते। अतीत में अपने व्यवहार के कारण उन्हें केंद्रीय अनुबंध से हाथ धोना पड़ा था।

किशन ने कहा, ‘‘सच कहूं तो मुझे लगता है कि मैं अब काफी बदल गया हूं। मैं अब पहले की तरह बहुत अधिक मजाक नहीं करता। मुझे चुटकुले और इस तरह की चीज पसंद हैं लेकिन अब मैं हर समय ऐसा नहीं करता हूं और दो तीन घंटे के लिए ही ऐसा करता हूं।’’

किशन ने कहा, ‘‘मैं अभी सिर्फ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर ध्यान दे रहा हूं, जिससे टीम और मुझे दोनों को फायदा होगा। बाकी सब चीजें गौण हैं, इसलिए मैं हमेशा मजाक नहीं करता।’’

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बड़े शॉट खेलने में अधिक निरंतरता हासिल कर ली है। गुरुवार को उन्होंने जेजे स्मिट के एक ओवर में चार छक्के जड़े।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके बल्लेबाजी के तरीके में कोई बदलाव आया है जिससे उन्हें अधिक खुलकर बल्लेबाजी करने की छूट मिल रही है, तो किशन ने कहा कि वह कभी-कभी एक दो रन भी लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं एक दो रन भी लेता हूं और अच्छी गेंदों को पूरा सम्मान भी देता हूं। लेकिन मुझे नहीं पता कि मैंने इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत की है। मैंने जल्दबाजी करने या उत्साहित होकर शॉट खेलने के बजाय इसे सरल रखा।’’

किशन ने कहा, ‘‘मैं पिच पर शांत रहने और गेंद पर नजर रखने की कोशिश कर रहा हूं। मैं उन शॉट को खेलने की कोशिश कर रहा हूं जो मुझे पहले से आते हैं, लेकिन कभी-कभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप उत्साहित हो जाते हैं और ऐसे शॉट खेल देते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं सिर्फ अपने उन शॉट को खेलने की कोशिश कर रहा हूं जिनमें मैं माहिर हूं और जो उस खास विकेट पर उपयुक्त हैं। इसलिए मैं बल्लेबाजी के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं, न ही अतिरिक्त अभ्यास सत्रों में भाग ले रहा हूं, बल्कि गेंद को देखने और विकेट पर शांत रहने की कोशिश कर रहा हूं।’’

पठानकोट में भीषण सड़क हादसा: सैन्य वाहन और ऑटो की टक्कर में महिला समेत 2 की मौत; बच्चों सहित 4 घायल

पंजाब डेस्क : पंजाब के पठानकोट जिले में सुजानपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सुजानपुर के पुल नंबर 5 पर देर रात एक सैन्य वाहन और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की जान चली गई है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे का कारण और हताहत: स्थानीय निवासियों के अनुसार, सैन्य ट्रक का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण ट्रक पुल पर चल रहे ऑटो से जा टकराया। इस जोरदार भिड़ंत में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

परिजनों और जवानों के बीच नोकझोंक: हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर पहुँचे। घटनास्थल पर सेना के अन्य जवान भी पहुँच गए थे। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मृतकों के परिजनों और सेना के जवानों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल: स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट और पुलिस बैरिकेडिंग होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एप्पल बोरीवली में एक नया स्टोर खोलेगी, 26 फरवरी को होगा उद्घाटन

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाष) आईफोन विनिर्माता कंपनी एप्पल बोरीवली में एक नया स्टोर (बिक्री केंद्र) खोलने जा रही है। यह भारत में उसका छठा और मुंबई में दूसरा स्टोर होगा।

बोरीवली स्टोर के लिए उसने ‘बैरिकेडिंग’ कर दी है।

कंपनी ने अप्रैल 2023 में मुंबई में अपना पहला और दिल्ली में दूसरा स्टोर खोला था। इसके बाद 2025 में विस्तार जारी रखते हुए कंपनी ने बेंगलुरु में एप्पल हेब्बल और पुणे में एप्पल कोरेगांव पार्क स्टोर खोले। हाल ही में नोएडा में भी नया स्टोर शुरू किया।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा, ‘‘ बोरीवली में एप्पल के स्टेार का 26 फरवरी को उद्घाटन किया जाएगा।’’

बोरीवली स्टोर की ‘बैरिकेडिंग’ में मोर से प्रेरित विशिष्ट दृश्य नजर आ रहा है जिसे सबसे पहले बेंगलुरु के एप्पल हेब्बल स्टोर के उद्घाटन के समय पेश किया गया था और बाद में पुणे के एप्पल कोरेगांव पार्क तथा एप्पल नोएडा में भी अपनाया गया।

बयान में कहा गया, “यह डिजाइन आत्मविश्वास, बारीकी एवं आगमन की भावना को दर्शाता है, जिसे एप्पल की रचनात्मक दृष्टि से देखा गया है..’’

स्टोर खुलने से पहले बाहर जो बड़े-बड़े बोर्ड या पर्दे लगाए जाते हैं ताकि अंदर का काम छिपा रहे और प्रचार भी हो, उसी को ‘बैरिकेडिंग’ कहते हैं।

झारखंड में जंगली हाथियों के हमले में छह लोगों की मौत

रांची, 13 फरवरी (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को जंगली हाथियों के झुंड के हमले में एक परिवार के चार सदस्यों सहित छह लोगों की मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

हजारीबाग पूर्व के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) विकास कुमार उज्ज्वल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई लोगों पर हमला कर चुका हाथियों का झुंड बृहस्पतिवार रात को चुरचू प्रखंड के गोंडवार गांव में घुस गया और शुक्रवार तड़के हाथियों के इस झुंड के हमले मे छह लोगों की मौत हो गई।

उज्ज्वल ने कहा, ‘‘मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।’’

उन्होंने बताया कि बच्चे को इलाज के लिए हजारीबाग के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उज्ज्वल ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले कुछ दिनों से बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों में घूम रहा है और इस झुंड ने इससे पहले बोकारो में लोगों पर हमला किया था।

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट

मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। आईटी कंपनियों के शेयर में भारी नुकसान से बाजार में गिरावट आई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 883.4 अंक या 1.05 प्रतिशत टूटकर 82,791.52 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 262.60 अंक या 1.02 प्रतिशत फिसलकर 25,544.60 अंक पर रहा।

प्रौद्योगिकी शेयर पर पिछले सत्र से जारी बिकवाली का दबाव बरकरार रहा। सेंसेक्स में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयर में भारी गिरावट देखी गई।

इटर्नल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडिगो, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनटीपीसी के शेयर भी नुकसान में रहे। दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर लाभ में रहे।

बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.93 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.40 प्रतिशत टूटा।

एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंग सेंग, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कंपोजिट गिरावट में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पीसकारात्मक दायरे में रहा।

अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.41 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 108.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 276.85 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध खरीदारी की।

नामीबिया को रौंदने के बाद भी टीम इंडिया की 3 बड़ी टेंशन: पाकिस्तान से भिड़ंत से पहले सूर्या-गंभीर को सुलझानी होगी गुत्थी

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रनों के बड़े अंतर से हराकर जीत तो दर्ज कर ली है, लेकिन इस प्रदर्शन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर के लिए कुछ चिंताएं भी पैदा कर दी हैं। 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले से पहले टीम की तीन मुख्य कमजोरियां खुलकर सामने आई हैं।

1. स्पिन के खिलाफ मिडिल ऑर्डर का संघर्ष: नामीबिया के खिलाफ मैच में भारतीय बल्लेबाज मिडिल ओवरों में स्पिन गेंदबाजी के सामने जूझते नजर आए। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए 4 ओवर में मात्र 20 रन देकर भारत के 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में स्पिन की यह कमजोरी टीम इंडिया के लिए घातक साबित हो सकती है।

2. डेथ ओवरों में बल्लेबाजी का ढहना: एक समय भारतीय टीम बेहद मजबूत स्थिति में थी और 16 ओवर के बाद स्कोर 4 विकेट पर 184 रन था, जहाँ से 225 का स्कोर पार करना आसान लग रहा था। लेकिन आखिरी 4 ओवरों में भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और टीम ने मात्र 25 रन जोड़कर अपने 5 विकेट गंवा दिए। अंत में भारत 209 रन ही बना सका।

3. अर्शदीप सिंह का महंगा स्पेल: टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे सफल गेंदबाज माने जाने वाले अर्शदीप सिंह इस मैच में अपनी लय में नहीं दिखे। उन्होंने नई गेंद के साथ काफी रन लुटाए और 3 ओवर के कोटे में 36 रन खर्च कर दिए। नामीबियाई बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ आसानी से रन बनाए, जो टीम प्रबंधन के लिए सोच का विषय है।

बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी की बंपर जीत, 17 साल के निर्वासन के बाद प्रधानमंत्री बनेंगे तारिक रहमान; पीएम मोदी ने दी बधाई

इंटरनेशनल डेस्क : बांग्लादेश के संसदीय चुनाव के नतीजों ने देश की राजनीति में एक नया अध्याय लिख दिया है। 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 200 से अधिक सीटों पर ऐतिहासिक ‘लैंडस्लाइड’ जीत हासिल की है। इस बड़ी जीत के साथ ही पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान का अगला प्रधानमंत्री बनना तय हो गया है, जो 36 साल बाद देश के पहले पुरुष प्रधानमंत्री होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी की इस निर्णायक जीत पर तारिक रहमान को हार्दिक बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि यह जीत बांग्लादेश के लोगों द्वारा उनके नेतृत्व में व्यक्त किए गए गहरे विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में निरंतर खड़ा रहेगा और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को तैयार है।

निर्वासन से सत्ता के शीर्ष तक: 60 वर्षीय तारिक रहमान का प्रधानमंत्री की कुर्सी तक का सफर संघर्षों से भरा रहा है। वे पिछले 17 वर्षों से लंदन में स्वनिर्वासन में थे और उनके खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिरने और कार्यवाहक सरकार आने के बाद उन्हें बड़ी राहत मिली, जब अदालतों ने उनके खिलाफ चल रहे सभी मुकदमे रद्द कर दिए। इसके बाद 25 दिसंबर 2025 को वे वतन लौटे, जहां लाखों समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

भारत-बांग्लादेश संबंधों में सुधार की उम्मीद: अगस्त 2024 के बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में काफी कड़वाहट आ गई थी। शेख हसीना के भारत में शरण लेने और बांग्लादेश में बढ़ते कट्टरपंथ के बीच दोनों देशों के रिश्ते लगभग टूटने की कगार पर थे। अब तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की सत्ता में वापसी के बाद विशेषज्ञों को उम्मीद है कि दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में फिर से सुधार होगा। तारिक रहमान ने भी अपनी जीत के बाद ‘भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस’ और ‘लोकतंत्र की बहाली’ का वादा किया है।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में गोहत्या के दो आरोपी घायल

सहारनपुर (उप्र), 13 फरवरी (भाषा) सहारनपुर जिले के गंगोह इलाके में पुलिस मुठभेड़ में गोहत्या के दो आरोपी घायल हो गए और उनके पास से एक बछड़ा, हथियार एवं गोहत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (गंगोह) अशोक सिसोदिया ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को गंगोह पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक गाय को मारने के लिए कुंडा कला गांव के पास जंगल में ले जा रहे हैं।

पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुंडा कला गांव के पास कुंडा-बिडौली रोड पर जांच शुरू की और इस दौरान सात-आठ लोग एक बछड़े के साथ चलते नजर आए।

सिसोदिया ने बताया कि जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस दल पर कथित तौर पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने खुद के बचाव में जवाबी कार्रवाई की जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लग गई।

सिसोदिया ने बताया कि इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान उर्फ समीर और महमूद के तौर पर हुई है। ये दोनों गंगोह पुलिस थाना के कुंडा कला गांव के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि पांच-छह और संदिग्ध अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर भाग गए।

पुलिस ने बताया कि मौके से एक बछड़ा, दो देसी पिस्तौल, दो खाली कारतूस, दो कारतूस और गोहत्या में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए।

घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सिसोदिया ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोग गोहत्या के मामलों में शामिल आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ गंगोह पुलिस थाने में पहले से ही मामले दर्ज हैं।