ब्रेकिंग न्यूज़
कांग्रेस ने पूर्वोत्तर की उपेक्षा की और अपने शासनकाल में असम में उग्रवाद को बढ़ावा दिया : मोदी

गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उस पर पूर्वोत्तर की उपेक्षा करने और अपने शासनकाल के दौरान असम में उग्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

मोदी ने यहां एक रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश की सुरक्षा को खतरे में डाला है और असम में उसके कार्यकाल के दौरान भय और असुरक्षा का माहौल बना रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ध्रुवीकरण और वोट बैंक की राजनीति में लिप्त होकर ऐसे निर्णय लिए, जिनसे इन चीजों को बढ़ावा मिला।’’

मोदी ने कहा, ‘‘देश का विभाजन मुस्लिम लीग के कारण हुआ था, लेकिन अब ‘एमएमसी’ – माओवादी, मुस्लिम, कांग्रेस – हैं और लोगों को इनके बारे में जागरूक होना चाहिए।’’

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया, लेकिन भाजपा ‘‘अवैध अप्रवासन को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसलिए अगले पांच साल राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं’’।

उन्होंने यह भी दावा किया कि असम में 10 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस ‘‘सत्ता में रहने के समय से भी अधिक खतरनाक हो गई है और यह बात उसके नेताओं द्वारा दिये गये जहरीले बयानों से स्पष्ट है।’’

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने सात दशकों में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुलों का निर्माण किया, लेकिन भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में पांच पुलों का निर्माण किया।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से असम में चौतरफा विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा असम की पहचान और उसकी परंपराओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।’’

मोदी ने कहा कि भाजपा की सफलता का श्रेय केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है और पार्टी संगठनात्मक शक्ति में भरोसा रखती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ता होना मेरी सबसे बड़ी योग्यता और सम्मान है और यह मेरे लिए गर्व का स्रोत है।’’

बठिंडा में युवती की हत्या के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बठिंडा, 14 फरवरी (भाषा) पंजाब के बठिंडा-फाजिल्का राजमार्ग पर बहमन दीवाना के पास एक सूटकेस में आधा जला शव मिलने के मामले में 35 वर्षीय व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की सपना उर्फ मलिका के रूप में हुई है। वह कुछ समय से बठिंडा में रह रही थी, उसका शव 11 फरवरी को बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिंस कुमार ने नौ फरवरी को सुरखपीर रोड पर स्थित अपने घर पर कथित तौर पर सपना की चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने कहा कि पता चला है कि दोनों के बीच दोस्ती थी और हत्या के बाद आरोपी ने दो दिन तक शव को अपने घर में रखकर उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में आधा जला शव सूटकेस में भर दिया।
उन्होंने कहा कि 10 और 11 फरवरी की दरम्यानी रात वह अपनी कार में सूटकेस लेकर राजमार्ग पर गया और वहां फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और शव ले जाने में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है।
बठिंडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ज्योति यादव बैंस ने बताया कि आरोपी अकेला रहता था और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसने अकेले यह वारदात की। हालांकि, हत्या के पीछे के मकसद का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जांच के दौरान पुलिस ने परसराम नगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें सात फरवरी को युवती आरोपी के साथ दिखाई दी थी।
इसके अलावा, युवती के फोन रिकॉर्ड के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 15 लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद संदेह आरोपी प्रिंस कुमार पर केंद्रित हुआ। मामले की जांच जारी है।

शी-बॉक्स पोर्टल: कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा का डिजिटल कवच

लेखिका : श्रीमती सावित्री ठाकुर, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री, भारत सरकार

भारत जब 2047 में अपनी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है, तब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने महिला-नेतृत्वित विकास को राष्ट्रीय प्रगति का केंद्र बिंदु बनाया है। महिलाओं की समावेशी आर्थिक वृद्धि में निर्णायक भूमिका को स्वीकार करते हुए सरकार ने ऐसा सुरक्षित, सम्मानजनक और संवेदनशील कार्य वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया है, जिससे महिलाएं आत्मविश्वास के साथ कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ सकें। इसी दिशा में कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ के रूप में कार्य करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते एक दशक में महिला सशक्तिकरण को केवल एक नारा नहीं, बल्कि नीति, संरचना और प्रभावी क्रियान्वयन का विषय बनाया है। “नारी शक्ति” को राष्ट्र की उन्नति का आधार मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक संस्थागत सुधार किए गए हैं। इसी दूरदर्शी दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण और व्यावहारिक उदाहरण है महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष 2017 में प्रारंभ किया गया शी-बॉक्स पोर्टल, जो कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक सशक्त डिजिटल मंच के रूप में उभरा है।

आज भारत में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिला श्रम बल भागीदारी दर 2017-18 में 23.3% से बढ़कर 2023-24 में 41.7% हो गई। सरकारी और निजी क्षेत्रों के साथ-साथ नवप्रारंभ उद्यमों, सेवा क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य और असंगठित क्षेत्रों में भी महिलाएँ बड़ी संख्या में कार्यरत हैं। ऐसे में यह अनिवार्य हो जाता है कि कार्यस्थल सुरक्षित, सम्मानजनक और भय-मुक्त हों। कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (पोश अधिनियम) इसी उद्देश्य से बनाया गया था। मोदी सरकार ने कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डिजिटल सुशासन के तहत शी-बॉक्स पोर्टल को 29 अगस्त 2024 को तकनीकी सुधारों के साथ पुनः प्रारंभ किया, जिससे यह अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल और पारदर्शी बन सके। यह पोर्टल देशभर में गठित आंतरिक समितियों (आंतरिक समिति – आईसी) और स्थानीय समितियों (स्थानीय समिति – एलसी) से संबंधित सूचनाओं का एक केंद्रीकृत भंडार प्रदान करता है।

शी-बॉक्स पोर्टल का उन्नत संस्करण महिलाओं को सीधे संबंधित आईसी या एलसी के पास शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है। इससे शिकायत प्रक्रिया में होने वाली देरी और अनावश्यक मानवीय हस्तक्षेप में कमी आती है। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति को ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकती हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह मंच सरकारी या निजी, संगठित या असंगठित — हर क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए समान रूप से सुलभ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि मोदी सरकार की महिला सुरक्षा की नीति किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि समावेशी है।

प्रधानमंत्री मोदी के “डिजिटल इंडिया” दृष्टिकोण के अनुरूप, शी-बॉक्स पोर्टल महिलाओं को सुरक्षित, सरल और गोपनीय तरीके से शिकायत दर्ज करने और उसकी प्रगति का ऑनलाइन अनुश्रवण करने की सुविधा देता है। पोर्टल पर दर्ज की गई शिकायत सीधे संबंधित कार्यस्थल की आंतरिक समिति या जिले की स्थानीय समिति तक पहुँचती है। गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है कि आंतरिक समिति की अध्यक्ष के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शिकायत का विवरण नहीं देख सकता, जिससे पीड़िता की पहचान सुरक्षित रहती है।

पोश अधिनियम के तहत सरकार का दायित्व है कि वह शिकायतों से संबंधित आँकड़ों का संधारण और निगरानी करे। इस अधिनियम के अंतर्गत किसी भी शिकायत की जाँच के लिए 90 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसका पालन सुनिश्चित करने में शी-बॉक्स पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समयबद्ध निपटारे को सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय द्वारा डैशबोर्ड चेतावनी, ईमेल और संदेश के माध्यम से नियमित स्मरण-पत्र भेजे जा रहे हैं। यह सक्रिय प्रणाली मोदी सरकार की उत्तरदायित्व और परिणाम-आधारित शासन की सोच को दर्शाती है।

शी-बॉक्स पोर्टल की प्रभावशीलता में नोडल अधिकारियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक कार्यस्थल पर नियुक्त नोडल अधिकारी, नियोक्ता, आंतरिक/स्थानीय समिति और शिकायतकर्ता के बीच समन्वय स्थापित करते हैं। यह व्यवस्था यह सुनिश्चित करती है कि शिकायतें केवल दर्ज न हों, बल्कि उन पर समय पर और नियमानुसार कार्रवाई भी हो।

महिला-केंद्रित नीतियों के व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखें तो आज देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, और लखपति दीदी जैसी पहल के माध्यम से लाखों महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं नमो ड्रोन दीदी जैसी अभिनव योजनाएँ महिलाओं को आधुनिक तकनीक, कृषि सेवाओं और उद्यमिता से जोड़ते हुए उन्हें नए और औपचारिक कार्यक्षेत्रों में प्रवेश का अवसर दे रही हैं। ऐसे में जब बड़ी संख्या में महिलाएँ पहली बार संगठित और औपचारिक कार्यस्थलों का हिस्सा बन रही हैं, शी-बॉक्स पोर्टल जैसा मंच उन्हें यह भरोसा देता है कि सरकार उनके साथ खड़ी है — न केवल कानून बनाकर, बल्कि उसे ज़मीन पर प्रभावी और जवाबदेह ढंग से लागू करके।

बहुभाषी समर्थन, वास्तविक-समय अनुश्रवण और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से शी-बॉक्स पोर्टल कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को केवल एक कानूनी प्रावधान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उसे एक व्यवस्थित, भरोसेमंद और जवाबदेह संस्थागत ढांचे में परिवर्तित करता है।

शी-बॉक्स पोर्टल वास्तव में एक दूरदर्शी दृष्टि का सशक्त प्रतिबिंब है, जहाँ नारी शक्ति को भय से मुक्त कर, सम्मान और आत्मविश्वास के साथ कार्यस्थलों में आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि महिलाएँ अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

रामायण’ के निर्माता रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर का निधन, मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार

मनोरंजन डेस्क : भारतीय टेलीविजन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई ‘रामायण’ (1987) सीरीज के को-प्रोड्यूसर और मशहूर फिल्ममेकर रामानंद सागर के बेटे आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे।

लंबे समय से थे बीमार: पारिवारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आनंद सागर पिछले 10-12 वर्षों से पार्किंसंस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जो मस्तिष्क की नसों को प्रभावित करती है। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में उनकी पत्नी निशा सागर और बच्चे हैं।

मनोरंजन जगत में योगदान आनंद सागर: सागर आर्ट्स को संभालने वाली दूसरी पीढ़ी के एक महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने न केवल अपने पिता के कालजयी धारावाहिक ‘रामायण’ के निर्माण में सहयोग दिया, बल्कि साल 2008 में बनी पौराणिक सीरीज ‘रामायण’ को भी आगे बढ़ाया। इसके अलावा उन्होंने आंखें, अरमान और अलिफ लैला जैसी प्रसिद्ध फिल्मों और धारावाहिकों का निर्देशन व निर्माण भी किया।

नम आंखों से दी गई विदाई : आनंद सागर का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस (हिंदू श्मशान भूमि) में किया गया। इस दौरान मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनके परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी कर उन्हें ‘गर्मजोशी, गरिमा और मूल्यों वाला व्यक्ति’ बताया।

कल होगा ‘सुपर संडे’: एक ही दिन में दो बार भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट प्रेमियों के लिए कल, 15 फरवरी 2026 का दिन एक ‘सुपर संडे’ साबित होने वाला है, क्योंकि एक ही दिन में भारत और पाकिस्तान के बीच दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।1. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला: पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दो-दो मैच जीत चुकी हैं। भारत ने अब तक यूएसए और नामीबिया को मात दी है।2. महिला एशिया कप राइजिंग स्टार: कल दोपहर 12:30 बजे बैंकॉक में इंडिया ए और पाकिस्तान ए की महिला टीमों के बीच भी भिड़ंत होगी। यह टूर्नामेंट उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच है, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इंडिया ए की टीम पाकिस्तान को हराकर इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी।

उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 में आज ही के दिन हुए आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि हर भारतीय उनके अदम्य साहस से प्रेरणा लेता है।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा लेता है।’’

उपराष्ट्रपति ने कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अंकित रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलवामा आतंकी हमले में प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के स्मृति में सदा अंकित रहेगा और हमें एक मजबूत एवं सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।’’

एक आत्मघाती हमलावर ने 14 फरवरी 2019 को विस्फोटकों से लदी गाड़ी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को ले जा रही बस से टकरा दिया था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। कुछ दिनों बाद, भारत ने जवाबी हमला किया, जिसे ‘बालाकोट एयरस्ट्राइक’ के नाम से जाना जाता है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह तिरुचिरापल्ली पहुंचे,पुडुचेरी में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे

चेन्नई/पुडुचेरी, 14 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचे, वह पुडुचेरी का एक दिवसीय दौरा करेंगे और कई राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

शाह अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी से मुलाकात करेंगे तथा चुनाव प्रभारी और पार्टी की पुडुचेरी इकाई के प्रभारी से भी मुलाकात करेंगे।

वह कराईकल में ‘‘दीवार लेखन’’ चुनावी अभियान में भी भाग लेंगे और बाद में कराईकल के संथाई थिदल में एक रैली को संबोधित करेंगे।

पार्टी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बातचीत करने के अलावा शाह ‘‘बूथ विजय अभियान’’ की भी शुरुआत करेंगे।

इससे पहले, शुक्रवार रात तिरुचिरापल्ली पहुंचने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता का केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और एल मुरुगन, भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और राज्य के अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल, 14 फरवरी (भाषा) मणिपुर में सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये सभी गिरफ्तारियां शुक्रवार को की गईं।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) के दो सक्रिय सदस्यों को इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिले से पकड़ा गया। वहीं, पीआरईपीएके के एक सदस्य को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग खुनौ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को एक अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तेंगनौपाल जिले के खुलसाइबुंग पहाड़ी श्रृंखला से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए।

बरामद हथियारों में एक सिंगल-बैरल बंदूक, दो पिस्तौल और आठ आईईडी शामिल हैं।

मोदी असम में मोरन ईएलएफ और अन्य परियोजनाओं का आज करेंगे उद्घाटन

गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी शनिवार को असम के अपने एक दिवसीय दौरे में मोरन में आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का उद्घाटन करेंगे, 5450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

यह पिछले तीन महीने में मोदी का तीसरा असम दौरा होगा। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा,‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की पवित्र भूमि पर हार्दिक स्वागत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे राज्य में संपर्क, तकनीक और विकास को आगे बढ़ाने वाली अहम परियोजनाओं के उद्घाटन का असम बेसब्री से इंतजार कर रहा है।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह शनिवार को डिब्रूगढ़ और गुवाहाटी में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘सुबह 10:30 बजे मैं डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर बने आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) पर उतरूंगा। यह पूर्वोत्तर में अपनी तरह की पहली सुविधा है। मुश्किल हालात में राहत और बचाव कार्यों को समय पर शुरू करने में यह बहुत अहम साबित होगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर में गुवाहाटी के लाचित घाट पर विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें ब्रह्मपुत्र नदी पर बना कुमार भास्कर वर्मा सेतु भी शामिल है, जो गुवाहाटी व आसपास के इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान बनाएगा। अन्य परियोजनाओं में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक राष्ट्रीय डेटा सेंटर का उद्घाटन और पीएम-ई-बस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।’’

नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के लिए यह बहुत खुशी की बात है कि आईआईएम (भारतीय प्रबंधन संस्थान) गुवाहाटी का उद्घाटन होगा। इससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और देशभर से छात्र यहां आएंगे।’’

मोदी ने कहा कि दोपहर में वह गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री का सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पर पहुंचने का कार्यक्रम है और इसके बाद वह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सी-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वह 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे।

मोदी लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टर के 40 मिनट के हवाई प्रदर्शन को भी देखेंगे।

इसके बाद वह ईएलएफ से सी-130 विमान से ही अपने दौरे के दूसरे चरण के लिए गुवाहाटी रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे जो गुवाहाटी को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ेगा। छह लेन वाला यह पुल गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराएगा, क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा, भूकंपीय सुरक्षा को बेहतर बनाएगा और राज्य राजधानी क्षेत्र में विकास को गति देगा।

मोदी निकटवर्ती लचित घाट से भारतीय प्रबंधन संस्थान-गुवाहाटी (आईआईएम-गुवाहाटी) के अस्थायी परिसर और कृत्रिम मेधा (एआई) सक्षम ‘हाइपरस्केल डेटा’ केंद्र का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री इसी स्थल से गुवाहाटी के लिए 100 विद्युत वाहन (ईवी) को भी रवाना करेंगे।

मोदी यहां भाजपा के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद असम दौरे का समापन करेंगे और दिल्ली रवाना होंगे।

असम के मुख्य सचिव रवि कोटा और पुलिस महानिदेशक डीजीपी हरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए संयुक्त बैठक की।

कोटा ने बताया कि सुरक्षा, परिवहन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय की व्यापक समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी संबंधित एजेंसियों को तय प्रोटोकॉल और समयसीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।’’

14 फरवरी : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमला

 नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) इतिहास में 14 फरवरी का दिन जम्मू-कश्मीर की एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। घटना भले सात साल पुरानी है, लेकिन उसके जख्म आज तक हरे हैं, जब आतंकवादियों ने इस दिन को देश के सुरक्षाकर्मियों पर कायराना हमले के लिए चुना। राज्य के पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम 40 जवान शहीद हो गये और कई गंभीर रूप से घायल हुए।

देश-दुनिया के इतिहास में 14 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1537 : गुजरात के सुल्तान बहादुर शाह की पुर्तगालियों से बचकर भागने के दौरान डूबने से मौत हुई।

1556 : पंजाब के गुरुदासपुर जिले के कलानौर में मात्र 13 वर्ष की आयु में अकबर को मुगल सम्राट बनाया गया।

1876 : अलैक्जैंडर ग्राहम बेल ने टेलीफोन के पेटेंट के लिए आवेदन किया।

1939 : बम्बई (अब मुंबई) के तत्कालीन प्रशासन ने शहर में शराबबंदी का प्रस्ताव रखा।

1952 : सुषमा स्वराज का जन्म। वह केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री रहीं।

1974 : रूसी लेखक अलैक्जैंडर सोल्जेंत्सिन को देश से निर्वासित किये जाने के एक दिन बाद उन पर देशद्रोह का आरोप दर्ज किया गया।

1990 : इंडियन एयरलाइंस का एक विमान बेंगलूर में एक गोल्फ कोर्स पर दुर्घटनाग्रस्त। पायलट को विमान का रनवे पहचानने में भूल हुई थी। विमान में सवार 146 लोगों में से 97 की मौत।

2005 : नेपाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ने के बाद ब्रिटेन और फ्रांस ने वहां से अपने राजदूतों को वापस बुलाया।

2005 : लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफीक हरीरी की बेरूत में एक कार बम विस्फोट में मौत।

2019 : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाकर्मियों की बस पर हमले में 40 सुरक्षाकर्मियों की मौत और कई अन्य घायल।

2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। मंदिर दुबई-अबू धाबी शेख जायद राजमार्ग पर अल राहबा के पास 27 एकड़ क्षेत्र में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।