ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली के रोहिणी में 10 करोड़ रुपये की भूमि हड़पने के प्रयास में फर्जी गैंगस्टर गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हिमांशु भाऊ गिरोह का कथित सदस्य बनकर एक व्यवसायी से लगभग 10 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के प्रयासों में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नरेला निवासी विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई है। उसे चार फरवरी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को अशोक विहार निवासी रजत गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ‘अंतरराष्ट्रीय कॉल’ कर खुद को हिमांशु भाऊ गिरोह का सदस्य बताकर उन्हें धमकियां दे रहा है।

शिकायत के मुताबिक फोन करने वाला व्यक्ति रोहिणी सेक्टर-23 स्थित लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति अपने नाम पर दर्ज कराने के लिए गुप्ता पर दबाव बना रहा था।

पुलिस ने बताया कि यह संपत्ति जून 2022 में गुप्ता की पत्नी मेघा गोयल और उनकी साली निधि के नाम पर परवीन कुमार से खरीदी गई थी।

गुप्ता ने आपराधिक धमकी और जबरन वसूली के आरोपों के समर्थन में डिजिटल ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को सौंपे, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी संपत्ति को लेकर वर्ष 2025 में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर रोहिणी के बेगमपुर थाने में एक संबंधित मामला दर्ज किया गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस को संदेह हुआ कि शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के लिए धमकी भरे फोन किए गए थे।

लंबी जांच के बाद पुलिस ने विकास की संलिप्तता स्थापित की और उसे नरेला स्थित उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान विकास ने कथित तौर पर बताया कि वह विवादित संपत्तियों के सौदे से जुड़ा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में उसके दो सहयोगियों ने उसे रोहिणी स्थित प्लॉट के एक सौदे से परिचित कराया था, जिसे बाद में गुप्ता के परिवार के सदस्यों के नाम पंजीकृत कराया गया।

पुलिस के अनुसार, संपत्ति हासिल करने के प्रयास विफल रहने और शिकायतकर्ता द्वारा हस्तांतरण से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने खुद को गिरोह का सदस्य बताकर धमकाने की साजिश रची।

विकास पर यह भी संदेह है कि उसने एक सहयोगी के साथ मिलकर अन्य लोगों से गिरोह के सदस्य बनकर धमकी दिलाने की व्यवस्था की।

मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पीएसएल नीलामी से नाम वापस लिए

कराची, 12 फरवरी (भाषा) अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें चरण से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी से अपने नाम वापस ले लिए।

पीएसएल में यह नीलामी पहली बार कराई गई थी। एक फ्रेंचाइजी के मालिक ने शुरू में पुष्टि की थी कि मुजीबुर रहमान, सेद्दीकुल्लाह अटल, मुहम्मद नबी, वकार सलामखेल, फजल हक फारूकी जैसे खिलाड़ियों ने बुधवार को लाहौर में हुई नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था।

लेकिन पेशावर जाल्मी द्वारा अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज से सीधा करार करने पर हुए विरोध के बाद उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए।

हालांकि पीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलमान नसीर ने कहा कि अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ी नीलामी ‘रोल’ में थे लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं चुना।

नसीर ने दावा किया, ‘‘नीलामी में कुछ अफगानिस्तानी खिलाड़ी थे लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं खरीदा। ’’

लेकिन नसीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच खराब रिश्तों का असर नीलामी पर दिखा। उन्होंने कहा, ‘‘ पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खराब रिश्तों की वजह से जाल्मी के गुरबाज को शामिल करने से काफी आलोचना हुई। गुरबाज ने पीएसएल से हटने का फैसला किया। इसलिए अन्य खिलाड़ियों ने भी आलोचना से बचने के लिए हटने का फैसला किया। ’’

पिछले साल जब पाकिस्तानी सेना ने आतंकवादियों को निशाना बनाने के बहाने अफगानिस्तान के कुछ खास इलाकों में हवाई हमले किए थे, तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब हो गए हैं।

अफगानिस्तान के कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान सरकार पर गुस्सा निकाला था।

दूरदर्शन की पूर्व समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का निधन
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) दूरदर्शन की पूर्व समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का बृहस्पतिवार को यहां निधन हो गया। उनके परिवारिक मित्र शम्मी नारंग ने यह जानकारी दी। 
 माहेश्वरी 71 वर्ष की थीं और 1980 और 1990 के दशक में टीवी समाचार जगत के सबसे जाने-माने चेहरों में से एक थीं।
 उन्होंने 1976 से 2005 तक दूरदर्शन पर समाचार वाचिका के रूप में कार्य किया था। माहेश्वरी उस दौर में दूरदर्शन की जानी-मानी समाचार वाचिका थीं, जब प्रसारण पूरे दिन में कुछ ही घंटों तक सीमित था।
  नारंग ने ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पर इस खबर की जानकारी देते हुए पोस्ट किया।
 नारंग ने कहा, ‘‘दूरदर्शन में मेरी पूर्व सह-समाचार प्रस्तोता सरला माहेश्वरी के निधन की जानकारी देते हुए मुझे अत्यंत पीड़ा हो रही है।’’
उन्होंने माहेश्वरी को ‘‘शिष्टता और विनम्रता की साक्षात प्रतिमूर्ति’’ के रूप में याद किया।
 नारंग ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि दूरदर्शन में मेरी पूर्व सह-समाचार प्रस्तोता सरला माहेश्वरी का निधन हो गया है... वह न केवल दिखने में सुंदर थीं बल्कि हृदय से भी कहीं अधिक उदार थीं, भाषा पर उनकी अद्भुत पकड़ थी और वह ज्ञान का भंडार थीं।’’
 उन्होंने कहा, ‘‘दूरदर्शन के पर्दे पर उनकी उपस्थिति का एक विशिष्ट प्रभाव था। वह सभी का सम्मान करती थीं और जिस भी क्षेत्र का हिस्सा होती थीं, उसे एक नयी दिशा देती थीं।’’
उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर शाम को किया जायेगा।
खबरों के मुताबिक, माहेश्वरी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के बाद सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन में काम करना शुरू किया था। तीन दशकों के अपने करियर में माहेश्वरी ने टेलीविजन समाचारों के श्वेत-श्याम से रंगीन प्रसारण में परिवर्तन को देखा।
 दूरदर्शन नेशनल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दूरदर्शन परिवार की ओर से श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावभीनी श्रद्धांजलि। वह दूरदर्शन की एक सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थीं, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में एक विशेष स्थान बनाया था। 

उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के दिलों में गहरा विश्वास अर्जित किया।’’

राज्यसभा में खरगे ने कार्यस्थलों पर जाति आधारित भेदभाव को लेकर जताई चिंता
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कार्यस्थलों पर जाति आधारित भेदभाव को लेकर उच्च सदन में चिंता जताई और सरकार से ऐसे मामलों की समयबद्ध जांच का आग्रह किया। 
 शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए खरगे ने कहा कि ओडिशा में एक समुदाय के लोग अपने बच्चों को दलित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा बनाए गये भोजन का सेवन नहीं करने दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक और संज्ञानात्मक विकास की नींव हैं। उन्होंने कहा, “ऐसा भेदभाव बच्चों के विकास को प्रभावित करेगा और यह संविधान के अनुच्छेद 21 ए के तहत दिए गए शिक्षा के अधिकार को भी प्रभावित करता है।”
खरगे ने कहा कि कार्यस्थलों पर जातिगत भेदभाव देश के कई हिस्सों में लगातार सामने आ रहा है। उन्होंने कहा, “यदि समय पर जांच की जाती, तो  ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।” 
उन्होंने मध्यप्रदेश के एक मामले का भी जिक्र किया, जहां कुछ साल पहले एक व्यक्ति ने एक आदिवासी व्यक्ति पर कथित तौर पर पेशाब किया था। उन्होंने दावा किया कि गुजरात में पिछले साल एक दलित सरकारी अधिकारी ने जातिगत भेदभाव के कारण आत्महत्या कर ली थी।
खरगे ने कहा कि ये घटनाएं दर्शाती हैं कि जाति आधारित भेदभाव केवल सामाजिक और राजनीतिक जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यस्थलों में भी मौजूद है। ‘‘इसका प्रभाव लोगों की गरिमा, करियर में प्रगति और व्यक्तिगत सुरक्षा पर पड़ता है।’’
खरगे ने कहा कि किसी के भी खिलाफ जातिगत भेदभाव संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 17 का उल्लंघन है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और समयबद्ध जांच की जाए।
द. थाईलैंड में किशोर ने पुलिस से बंदूक छीनकर स्कूल में गोलीबारी की, एक की मौत

हात याई (थाईलैंड), 12 फरवरी (एपी) दक्षिणी थाईलैंड में 17 वर्षीय एक किशोर ने पुलिसकर्मी से बंदूक छीनकर एक सरकारी स्कूल में घुसकर गोलीबारी की और करीब दो घंटे तक चले हमले के दौरान कुछ लोगों को बंधक बना लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रांतीय सरकार ने एक बयान में कहा कि सोंगखला प्रांत स्थित पातोंगप्रथनकिरिवाट स्कूल में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हमलावर को गोली मारकर घायल कर दिया और बाद में उसे हिरासत में ले लिया। हमला अपराह्न में हुआ और तब कक्षाएं समाप्त हो चुकी थीं।

स्कूल के निदेशक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बृहस्पतिवार तड़के अस्पताल में मौत हो गई। थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एक छात्र को गोली लगी, जबकि एक अन्य छात्र इमारत से कूदकर भागने के प्रयास में घायल हो गया।

स्थानीय अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान 17 वर्षीय किशोर के रूप में की है। उन्होंने बताया कि वह मादक पदार्थों का सेवन करता था और उसे मानसिक स्वास्थ्य की समस्या भी है।

अधिकारियों ने बताया कि वह उपद्रव कर रहा था, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया, लेकिन उसने एक पुलिस अधिकारी पर हमला करके उसकी बंदूक छीन ली और स्कूल परिसर में घुस गया। हमले के कारणों की जांच जारी है।

लियोनेल मेस्सी चोटिल, इंटर मियामी के पहले मैच में खेलना संदिग्ध

फोर्ट लॉडरडेल (अमेरिका), 12 फरवरी (एपी) स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की बायीं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है जिसके कारण उनका इंटर मियामी की तरफ से एमएलएस कप में 21 फरवरी को एलएएफसी के खिलाफ होने वाले सत्र के पहले मैच में खेलना संदिग्ध है।

इंटर मियामी की टीम ने बुधवार को मेस्सी के चोटिल होने के बारे में जानकारी दी।

एमएलएस के लगातार दो बार के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मेस्सी ने पिछले सप्ताहांत इक्वाडोर में सत्र से पहले खेले गए मैच में एक गोल किया, लेकिन दूसरे हाफ के लगभग 12 मिनट बाद उन्हें संभवतः हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था।

इंटर मियामी ने एक बयान में कहा, ‘‘अभ्यास में उनकी वापसी आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस की प्रगति पर निर्भर करेगी।’’

सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट: दिल्ली से मुंबई तक लुढ़के दाम, जानें आज के लेटेस्ट रेट

बिज़नेस डेस्क : 12 फरवरी, 2026 को सोने और चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और ज्वेलरी खरीदारों के लिए यह एक अच्छा मौका माना जा रहा है।

MCX पर कितनी आई गिरावट? बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और डॉलर इंडेक्स में मजबूती के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना है।

चांदी: MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी में 2,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखी गई है। यह पिछले सत्र के 2,63,018 रुपये के मुकाबले आज 2,60,938 रुपये प्रति किलो पर खुली है।

सोना: 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना 650 रुपये से अधिक लुढ़ककर 1,58,040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला है।प्रमुख शहरों में आज का भाव: राष्ट्रीय राजधानी और आर्थिक राजधानी में सोने-चांदी के भाव इस प्रकार हैं:

दिल्ली: यहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,59,760 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,46,460 रुपये प्रति 10 ग्राम है। चांदी की कीमत दिल्ली में 2,59,840 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है।

मुंबई: मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,58,791 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,43,060 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है।

विशेषज्ञों की राय: बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में आई इस गिरावट को देखते हुए यह शॉर्ट टर्म में खरीदारी का एक बेहतरीन अवसर हो सकता है। हालांकि, उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि वे निवेश करने से पहले वैश्विक संकेतों और बाजार की चाल पर पैनी नजर जरूर रखें।

श्रमिक संगठनों की हड़ताल से केरल में जनजीवन प्रभावित

 तिरुवनंतपुरम, 12 फरवरी (भाषा) केंद्र की श्रम संहिताओं के विरोध में श्रमिक संगठनों द्वारा बृहस्पतिवार को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण केरल में जनजीवन प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर सामान्य गतिविधियां ठप हो गईं।

राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि हड़ताल के कारण किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की अनधिकृत अनुपस्थिति को ‘डाइज-नॉन’ माना जाएगा। ‘डाइज-नॉन’ उस दिन को संदर्भित करता है, जब कोई कर्मचारी बिना उचित अनुमति के अनुपस्थित रहता है।

आदेश के अनुसार, जो कर्मचारी या अधिकारी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होंगे, उनके वेतन से हड़ताल वाले दिन का वेतन काट लिया जाएगा।

इस आदेश के बावजूद परिवहन सेवाएं सड़कों से नदारद रहने के कारण सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति कम रहने की संभावना है।

राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को व्यक्तिगत बीमारी, निकट संबंधी की बीमारी, परीक्षा, मातृत्व अवकाश या अन्य अपरिहार्य कारणों को छोड़कर अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

चौबीस घंटे की इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण सरकारी कार्यालयों के अलावा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के भी बंद रहने की संभावना है।

हड़ताल के कारण परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई हैं और केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) तथा निजी बसें सड़कों से नदारत रहीं। ऑटो-रिक्शा यूनियन ने भी हड़ताल के दौरान सेवाएं नहीं देने की घोषणा की।

कोच्चि में एक यात्री ने संवाददाताओं से कहा, “मैं रात की ड्यूटी के बाद सुबह छह बजे से कंजिरामट्टोम लौटने के लिए केएसआरटीसी बस का इंतजार कर रहा हूं, लेकिन कोई बस नहीं चल रही है। कुछ और घंटे इंतजार करने के बाद मैं रेलवे स्टेशन जाकर लोकल ट्रेन से अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करूंगा।”

अन्य राज्यों से विभिन्न रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्री भी प्रभावित हुए। कुछ स्टेशन पर फंसे यात्रियों की सहायता के लिए पुलिस ने बसों की व्यवस्था की।

इस बीच, शबरिमला मंदिर में मीनम माह की पूजा के लिए बृहस्पतिवार शाम को कपाट खुलने के मद्देनजर केएसआरटीसी अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए तिरुवनंतपुरम, चेंगन्नूर, कोट्टायम, पथानमथिट्टा और तिरुवल्ला से पंपा तक कुछ बस सेवाएं संचालित की जाएंगी।

कोच्चि मेट्रो और ऑनलाइन टैक्सी सेवाएं चालू रहीं, जिससे शहर में यात्रियों को आंशिक राहत मिली।

सुबह तक हड़ताल के संबंध में किसी प्रकार की हिंसा की सूचना नहीं मिली थी, हालांकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए राज्यभर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

श्रमिक संगठनों ने कहा कि सभी जिलों में रैलियां और बैठकें आयोजित की जाएंगी।

T20 वर्ल्ड कप: नामीबिया के खिलाफ भारत का महामुकाबला आज; बीमार अभिषेक शर्मा बाहर, संजू सैमसन करेंगे ओपनिंग!

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में आज मेजबान भारत का सामना नामीबिया से होने जा रहा है। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम के लिए यह मैच ग्रुप-ए के पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचने का एक बड़ा अवसर है।

अभिषेक शर्मा की तबीयत बिगड़ी, सैमसन को मौका: मैच से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण (Stomach Infection) के कारण बीमार हैं और उनका आज के मैच में खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है, जो ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

जसप्रीत बुमराह की घातक वापसी: भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के लिए राहत की खबर यह है कि मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंजरी से पूरी तरह रिकवर हो चुके हैं और आज के मैच में वापसी करेंगे। बुमराह के आने से टीम की ताकत बढ़ेगी, हालांकि उनके लिए जगह बनाने के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे अर्शदीप सिंह या मोहम्मद सिराज में से किसी एक गेंदबाज को बाहर बैठना पड़ सकता है।

मैच का समीकरण और पिच रिपोर्ट: भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था, जबकि नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली की पिच आज भी बल्लेबाजी के अनुकूल रहने की उम्मीद है, जहाँ टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी (चेज) करना पसंद कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम को दिल्ली का मौसम ठंडा रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह/मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह।

रुपया शुरुआती कारोबार में 38 पैसे चढ़कर 90.40 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 12 फरवरी (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 38 पैसे चढ़कर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी निवेश प्रवाह और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से इसे समर्थन मिला है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेश प्रवाह हालांकि बहुत अधिक नहीं है, लेकिन इसने एक मनोवैज्ञानिक स्थिरता प्रदान की है। इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) चुपचाप यह सुनिश्चित कर रहा है कि बैंकों पर्याप्त नकदी बनी रहे।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.55 पर खुला। फिर इसने गति पकड़ी और 90.40 तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 38 पैसे की वृद्धि दर्शाता है। रुपया प्रारंभिक कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.56 तक भी पहुंचा।

रुपया बंधवार को 22 पैसे की गिरावट के साथ 90.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.78 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 349.87 अंक टूटकर 83,883.77 अंक पर जबकि निफ्टी 106.60 अंक फिसलकर 25,847.25 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.69 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 943.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।