ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब के अमृतसर से 25 किलोग्राम हेरोइन बरामद की, दो लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब के अमृतसर में दो लोगों को गिरफ्तार कर  उनके कब्जे से 25 किलोग्राम हेरोइन के साथ ही हथियार व कारतूस जब्त किये हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
  अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल, अमृतसर (बीएसएफ) के साथ एक संयुक्त अभियान में कीं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक पोस्ट में कहा, "सीमा पार मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में 25 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 60 कारतूस की खेप बरामद की है।"
  यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान घोघा इलाके के दो निवासियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा, “बरामद सामग्री से ड्रोन का इस्तेमाल करके सीमा पार संगठित तस्करी का संकेत मिलता है।”
 उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं कि यह खेप किसने और किसके लिये भेजी थी। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
दिल्ली : पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार के अंदर मिले तीन लोगों के शव
 नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर रविवार को एक कार के अंदर एक महिला सहित तीन लोगों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 पुलिस ने बताया कि फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी।
 उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर आपातकालीन कर्मियों को कार के अंदर तीन लोग मृत मिले, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम को सूचित किया गया और इलाके को घेर लिया गया।
 पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
 पुलिस ने बताया कि शवों पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे और कार में सभी कीमती सामान सुरक्षित था।
 प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
नीति हमेशा कमजोर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के पक्ष में नहीं होनी चाहिए: चंद्रबाबू नायडू


अमरावती, आठ फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि देश के कमजोर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को केंद्र के कर राजस्व बंटवारे में अधिक हिस्सा मिल रहा है, जिसका नुकसान आंध्र प्रदेश जैसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को उठाना पड़ रहा है।
हालांकि, नायडू ने यह भी माना कि पिछड़े राज्यों का धीरे-धीरे बेहतर प्रदर्शन की ओर बढ़ना एक सकारात्मक संकेत है।
नायडू ने ‘पीटीआई वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि देश की समृद्धि तभी संभव है जब उसके सभी क्षेत्र आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि राज्य एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि सहयोगी हैं।
नायडू ने कहा, “केंद्र सरकार जानबूझकर कोई अन्याय नहीं करना चाहती। पिछड़ेपन, जनसंख्या जैसे कुछ मापदंड हैं। दक्षिण भारत ने जनसंख्या नियंत्रण में प्रगति की है।”
उन्होंने कहा, “आर्थिक सुधारों के कारण दक्षिण भारत ने प्रौद्योगिकी और वृद्धि दर में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। दक्षिण भारत में प्रति व्यक्ति आय बहुत अधिक है। इसी कारण विकेंद्रीकरण एक समस्या है। जनसंख्या आधारित गरीबी विकेंद्रीकरण के मानदंडों में से एक है।”
उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति में स्वाभाविक रूप से असंतोष पैदा होगा। हमारी नीतियां हमेशा कमजोर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के पक्ष में नहीं होनी चाहिए। कुछ समय के लिए संरक्षण देना ठीक है, लेकिन अंततः सभी राज्यों को प्रदर्शन करना होगा।”
नायडू ने कहा, “मुझे विश्वास है कि अब सभी राज्य आगे बढ़ रहे हैं और यह संबंधित राज्य सरकारों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे बेहतर काम करें।”
उन्होंने कहा कि जनसंख्या को लेकर मौजूदा सोच अब जनसंख्या नियंत्रण से बदलकर जनसंख्या प्रबंधन की ओर बढ़ गई है।
नायडू ने कहा, “हम अब बढ़ती उम्र वाली आबादी और अकेलेपन की समस्या का सामना कर रहे हैं। देखिए यूरोप, जापान और दक्षिण कोरिया में क्या हो रहा है। मैंने सबसे पहले कहा था कि हमारे लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने चाहिए, जिसके बाद (आरएसएस प्रमुख) मोहन भगवत और (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री) एम.के. स्टालिन ने भी यही बात कही।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भविष्य में कभी केंद्रीय राजनीति में अपनी कोई भूमिका देखते हैं, तो तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष ने इस संभावना से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, “मैंने केंद्र में किसी भी भूमिका की कभी अपेक्षा नहीं की। मैं हमेशा आंध्र प्रदेश में काम करने के लिए इच्छुक रहा हूं, चाहे वह संयुक्त आंध्र प्रदेश हो या अब नया आंध्र प्रदेश।
नायडू ने कहा, “1995 में जब मैं मुख्यमंत्री बना, तब हैदराबाद एक कृषि प्रधान राज्य था। मैंने सोच-समझकर एक प्रौद्योगिकी और औद्योगिक परिवेश का निर्माण किया। आज तेलंगाना प्रति व्यक्ति आय के मामले में सबसे समृद्ध राज्य है। अब मैं एक और राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। लेकिन मुझे संतोष है कि मैंने एक आदर्श राज्य का निर्माण किया है। मैंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और यह जारी रहेगा।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या केंद्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के सुचारू रूप से काम करने का श्रेय उनकी पार्टी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य घटकों को जाता है, जैसा कि पिछले दो कार्यकालों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास अकेले बहुमत होने पर हुआ था, तो नायडू ने कहा कि समर्थन पारस्परिक है।
उन्होंने कहा, “हम भारत सरकार का समर्थन करते हैं। बदले में वे भी हमें समर्थन दे रहे हैं। इसीलिए हम इसे ‘डबल इंजन सरकार’ कहते हैं। भारत सरकार और आंध्र प्रदेश सरकार की नीतियों में कोई मतभेद नहीं है।”

नोएडा: इमारत की 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर छात्र ने की आत्महत्या
नोएडा, आठ फरवरी (भाषा) नोएडा में एक आवासीय सोसाइटी में स्थित अपनी इमारत की 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर 12वीं कक्षा के छात्र ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी अमित खारी ने बताया कि सेक्टर 168 में स्थित एक आवासीय सोसाइटी में रहने वाले 17 वर्षीय छात्र ने शनिवार रात को यह कदम उठाया।    वह दिल्ली में स्थित एक निजी स्कूल से पढ़ाई कर रहा था।
  उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
  थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौ फरवरी का इतिहास

नौ फरवरी : आजादी के बाद पहली जनगणना की तैयारी

 नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) जनगणना हर दस वर्ष में मनाया जाने वाला एक ऐसा राष्ट्रीय उत्सव है, जिसमें देश के हर हिस्से में रहने वाले हर नागरिक को शामिल किया जाता है। देश में 1871 के बाद से हर दसवें वर्ष जनगणना होती थी।
 इस लिहाज से 1947 में विभाजन और देश आजाद होने के बाद 1951 में हुई जनगणना कहने को तो अपने आप में नौवीं जनगणना थी, लेकिन यह आजादी के बाद की पहली जनगणना थी। आजाद भारत की जनगणना के इतिहास में नौ फरवरी का खास महत्व है, क्योंकि इसी दिन जनगणना के लिए सूची बनाने का काम शुरू किया गया था।
 देश-दुनिया के इतिहास में नौ फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1757 : राबर्ट क्लाइव ने अलीनगर संधि के जरिए कलकत्ता (अब कोलकाता) को सिराजुदौला से लेकर ब्रिटिश नियंत्रण वाले इलाके में शामिल कर लिया।
1951 : स्वतंत्र भारत में पहली जनगणना के लिये सूची बनाने का कार्य शुरू।
1971 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा द्वारा चांद पर भेजा गया अपोलो 14 अंतरिक्ष यान अपनी कार्य अवधि पूरी कर धरती पर वापस लौटा।
1975 : रूसी अंतरिक्ष यान सोयूज 17 अंतरिक्ष में 29 दिन बिताने के बाद धरती पर लौटा।
1992 : पर्यटकों को लेकर सेनेगल की राजधानी डकार जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त। रात के अंधेरे में पायलट ने गंतव्य से कुछ पहले एक होटल के बगीचे में लगी कतारबद्ध लाइटों को विमान तल की हवाई पट्टी समझकर उस पर विमान उतार दिया। विमान में सवार 59 लोगों में से 31 की मौत हो गई।
2006 : शिया मुसलमानों के पवित्र दिन ‘‘आशूरा’’ पर पाकिस्तान के हांगू में फिदायीन हमले में 23 लोगों की मौत। बाद में शिया और सुन्नी मुसलमानों में दंगे भड़कने से मरने वालों की तादाद 31 तक पहुंची।
2008 : अपना पूरा जीवन कुष्ठ रोगियों के कल्याण पर लगाने वाले बाबा आमटे का निधन।
2010 : हैती में आए भीषण भूकंप में मरने वालों की संख्या 2,30,000 होने का आधिकारिक ऐलान किया गया।
2024: तुर्किये, सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 19,300 से अधिक हुई।

मध्य प्रदेश: गेहूं चोरी के 45 साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार
खरगोन (मध्यप्रदेश), आठ फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के एक बुजुर्ग व्यक्ति को 45 साल पहले दर्ज गेहूं चोरी के एक मामले गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मंडलेश्वर की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्वेता शुक्ला ने रविवार को बताया कि सलीम और छह अन्य ने 1980 में बालसमुंद के काकड़ इलाके में खेतों से गेहूं चुराया था। 
 उन्होंने कहा कि उस समय सलीम 20 साल का था।
अधिकारी ने बताया कि चोरी किए गए गेहूं की कीमत 100 रुपये थी और उस समय एक क्विंटल (100 किलोग्राम) अच्छी गुणवत्ता वाले गेहूं की कीमत 1.15 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
एसडीओपी ने बताया कि बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के बलखड गांव का रहने वाला सलीम चोरी के बाद भाग गया और पड़ोसी धार जिले के बाग कस्बे में अपने बेटे के साथ किराने की दुकान चलाने लगा।
उन्होंने कहा कि यह मामला अदालतों में लंबित रहा जबकि सलीम के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था।
खलटका थाने के प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि एक अन्य आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस को पता चला कि सलीम किराने की दुकान के जरिये जीवन यापन चला रहा है।
उन्होंने कहा कि पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। 
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मानना था कि इतने सालों के बाद मामले को भुला दिया गया होगा और वह कानूनी कार्रवाई से बच गया है।
चौहान ने बताया कि सलीम को यहां एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मथुरा: छात्रों से नमाज पढ़ने को कहने के आरोप में निलंबित प्रधानाध्यापक जांच के बाद बहाल
मथुरा (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) मथुरा जिले में विद्यालय में छात्रों से नमाज पढ़ने के लिए कहने के आरोप में निलंबित किये गये एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक को जांच में निर्दोष पाये जाने के बाद बहाल कर दिया गया है। 
मथुरा के बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने रविवार को कहा, "जांच समिति ने प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद को निर्दोष पाया। इसके बाद हमने उन्हें बहाल कर दिया है।"
अधिकारियों ने सोमवार को बताया था कि मोहम्मद को 31 जनवरी को निलंबित कर दिया गया था। 
 कीर्ति ने बताया कि मोहम्मद के खिलाफ 30 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के नौझील ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश चौहान ने शिकायत की थी और दावा किया था कि छात्रों के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि प्रधानाध्यापक छात्रों से नमाज पढ़ने के लिए कहते हैं और स्कूल में राष्ट्रगान नहीं गाया जा रहा।
कीर्ति ने बताया कि शिकायत का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के बाद 31 जनवरी को छाता और मांट विकास खंडों के ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों की जांच समिति का गठन किया था।
उन्होंने कहा कि समिति को एक महीने में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए समिति को चार फरवरी को तीन दिन में रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया।
कीर्ति ने कहा कि समिति ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट दी और शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद व गलत पाया।
उन्होंने कहा, "जांच समिति ने प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद को निर्दोष पाया। इसके बाद हमने उन्हें बहाल कर दिया है।" 
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि वह इस बारे में जिलाधिकारी को को सूचित करेंगे।
 उन्होंने कहा कि प्रशासन झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। 
इस बीच, प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि यह जांच का मामला है, और अगर यह किसी साजिश के तहत किया गया है तो शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक को बहाल कर दिया गया है।
कांग्रेस के  वरिष्ठ नेता प्रदीप माथुर ने मांग की कि शिकायतकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
 उन्होंने कहा कि उसने जानबूझकर झूठी शिकायत की क्योंकि प्रधानाध्यापक मुस्लिम हैं।  
माथुर ने कहा कि भाजपा नेता दुर्गेश चौहान जैसे लोग देश के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रहे हैं और एक ईमानदार शिक्षक को बेवजह सजा मिल रही है।
रूस के हवाई हमले में यूक्रेन के एक व्यक्ति की मौत
 कीव, आठ फरवरी (एपी) पूर्वी यूक्रेन के एक आवासीय क्षेत्र पर रूसी हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
  यह घटना यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के उस बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका ने यूक्रेन और रूस को शांति समझौते पर पहुंचने के लिए जून की समय सीमा दी है।
 यूक्रेन की ‘स्टेट इमरजेंसी सर्विस’ के अनुसार, यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में स्थित क्रामाटोर्स्क शहर पर हुए हमले के कारण एक नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक में आग लग गई।
 यूक्रेन की सरकारी गैस कंपनी नाफ्टोगाज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेरही कोरेत्स्की ने कहा कि रूस ने रविवार की सुबह यूक्रेन के पोल्टावा क्षेत्र में ऊर्जा अवसंरचना पर भी हमला किया।
 लगभग चार साल से जारी इस युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड को लगातार नुकसान पहुंचाया है, खासकर सर्दियों के मौसम में। इसका उद्देश्य यूक्रेन के प्रतिरोध के संकल्प को कमजोर करना है, जिसे कीव के अधिकारी "सर्दियों का हथियार के रूप में इस्तेमाल" करने की रणनीति कहते हैं।
 जेलेंस्की ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन और रूस को युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने के लिये जून तक की समय सीमा दी है। उन्होंने कहा कि यदि जून की समय सीमा का पालन नहीं किया जाता है, तो ट्रंप प्रशासन दोनों पक्षों पर दबाव डालेगा।
 जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी पक्ष इस गर्मी की शुरुआत तक युद्ध समाप्त करने का प्रस्ताव दे रहे हैं और संभवतः इसी कार्यक्रम के अनुसार दबाव डालेंगे। 
पंजाब: हत्या की कई घटनाओं को लेकर विपक्ष ने मान सरकार पर निशाना साधा

चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब में इस साल के पहले कुछ हफ्तों में आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता सहित कई लोगों की हत्या की घटनाओं ने पंजाब की ‘बिगड़ती’ कानून व्यवस्था को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। राज्य में बेरोक-टोक जारी हत्याओं और जबरन वसूली की धमकियों पर रोक लगाने में ‘विफल’ रहने को लेकर विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ हमला तेज कर दिया है। मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अपने नवीनतम बयान में कहा कि अपराधियों में कानून का डर गायब होता दिख रहा है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन राज्य के एक पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का मानना ​​है कि राज्य में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासनिक एजेंसियों को और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। जनवरी से अब तक राज्य में छह ‘हाई-प्रोफाइल’ हत्याएं हो चुकी हैं जो सार्वजनिक सुरक्षा की स्थिति को उजागर करती हैं। इनमें सबसे ताजा घटना जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या और होशियारपुर में एक सेवानिवृत्त सहायक सब-इंस्पेक्टर की 62 वर्षीय पत्नी की हत्या शामिल है। ओबेरॉय को शुक्रवार को जालंधर के मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर एक अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। गैंगस्टर जोगा फोलरीवाल ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता की हत्या कॉलेज अध्यक्ष पद को लेकर हुए विवाद में व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते की गई। इस हत्या के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने सवाल उठाया कि अगर सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है। शनिवार को होशियारपुर के मेहंदवानी गुजरां गांव में 62 वर्षीय रचना देवी की अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह पास के एक धार्मिक स्थल पर मत्था टेककर घर लौट रही थीं। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई की वर्ष 2020 में की गई हत्या के मामले में आरोपी गुरविंदर सिंह की 28 जनवरी को मोहाली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे देश में सनसनी फैल गई। इससे पहले, चार जनवरी को तरनतारन के वलथोआ गांव के आम आदमी पार्टी के सरपंच झरमल सिंह की एक शादी में बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में दो हमलावर शादी के कार्यक्रम स्थल में घुसते दिखे, जिनमें से एक ने बंदूक निकालकर सिंह के सिर पर गोली मारी और फिर मौके से फरार हो गया। पटियाला में 25 जनवरी को हेड कांस्टेबल अमनदीप सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि 28 जनवरी को गुरदासपुर में दो हमलावरों ने केमिस्ट रणबीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को कहा कि राज्य में अपराध दर अन्य राज्यों की तुलना में कम है और इस संबंध में आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध दर का राष्ट्रीय औसत 450 है, जबकि पंजाब में यह 227 है। उन्होंने आगे कहा कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में यह आंकड़ा 739 है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यह 1,602 है। पंजाब और महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक सरबदीप सिंह विर्क ने रविवार को इस बात पर जोर दिया कि हत्याओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कानून और व्यवस्था की स्थिति पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। शनिवार को पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के जवाब में राज्यपाल कटारिया ने कहा, ‘‘विपक्ष कहे या न कहे, आम लोगों में यह भावना है कि अपराधियों के मन में कानून का जो भय होना चाहिए, वह गायब है।’’ शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हर कोई, चाहे वह व्यापारी हो या कारोबारी, असुरक्षित महसूस कर रहा है। जंगल राज है और सरकार कहीं नजर नहीं आ रही है।’’

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में दीपक जलाने मंदिर गई युवती से दुष्कर्म
बांदा (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) चित्रकूट जिले के राजापुर क्षेत्र के एक गांव में मंदिर में दीपक जलाने गई युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म किये जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 पुलिस के अनुसार आरोपी युवक के भाग जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी मोटरसाइकिल में आग लगा दी, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सत्यपाल सिंह ने दर्ज रिपोर्ट का हवाला देते हुए रविवार को बताया कि राजापुर थानाक्षेत्र के एक गांव में शनिवार की देर शाम 18 साल की एक लड़की दीपक जलाने के लिए मंदिर गई थी, तभी वहां पहले से मौजूद स्थानीय युवक राजेश कुमार (24) ने दुपट्टे से लड़की के हाथ बांधकर उससे दुष्कर्म किया।
 उन्होंने बताया कि लड़की के काफी देर तक घर न पहुंचने के बाद परिजन मंदिर गए और इस दौरान आरोपी युवक अपने कपड़े और मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया।
 सिंह ने बताया कि ग्रामीण काफी देर तक आरोपी की तलाश करते रहे, उसके न मिलने पर उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल को आग लगा दी।
 एएसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शिकायत दर्ज करके रविवार को पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में बड़ी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ टीम गठित की गई हैं